मिस्र के नव निर्वाचित राष्ट्रपति मोहम्मद मुरसी फ़िलिस्तीन के जनप्रतिरोध आंदोलन हमास के राजनैतिक कार्यालय के प्रमुख ख़ालिद मश्अल से कल भेंट करेंगे। फ़िलिस्तीन की समाचार एजेंसी समा के अनुसार मोहम्मद मुरसी आज क़ाहेरा में स्वशासित फ़िलिस्तीनी प्रशासन के अध्यक्ष महमूद अब्बास से भेंट करेंगे और कल ख़ालिद मश्अल से भेंट करने का उनका कार्यक्रम है। मोहम्मद मुरसी और ख़ालिद मश्अल के बीच भेंट, मिस्री राष्ट्रपति के साथ हमास आंदोलन के किसी अधिकारी की पहली भेंट होगी क्योंकि इससे पूर्व हमास के किसी भी सदस्य या अधिकारी ने मिस्र के अपदस्थ तानाशाह हुस्नी मुबारक से भेंट नहीं की थी। इससे पूर्व मिस्री राष्ट्रपति ने कहा था कि फ़िलिस्तीन के सभी दलों व गुटों के लिए उनका समान दृष्टिकोण है। महमूद अब्बास आज क़ाहेरा पहुंच गए हैं। वह मिस्री राष्ट्रपति से भेंट में क्षेत्र के ताज़ा परिवर्तनों विशेष रूप से फ़िलिस्तीन की भूमि की स्थिति तथा फ़िलिस्तीनियों और ज़ायोनी शासन के बीच वार्ता को आगे बढ़ाने के क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों की समीक्षा करेंगे।
समाचार समाप्त
.......
166