परमाणु ऊर्जा की अंतरराष्ट्रीय एजेन्सी आईएईए में ईरान के प्रतिनिधि ने कहा है कि कुछ देश, आईएईए के निरीक्षकों को जासूसी पर विवश करके उन्हें अपने कर्तव्यों के पालन से विमुख करते हैं।
अली असग़र सुल्तानिया ने बुधवार को वियना में आईएईए के निदेशक मंडल की बैठक में कहा कि परमाणु पदार्थों की जांच का काम करने वाले निरीक्षकों को कुछ देश जासूसी पर विवश करते हैं और यह निरीक्षक कुछ विशेष देशों की गुप्तचर सेवाओं से ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में गढ़ी हुई सूचनाएं प्राप्त करते हैं।
उन्होंने आईएईए के कुछ निरीक्षकों और कर्मचारियों के कुछ देशों से विशेष संबंधों के जारी रहने पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। ईरानी प्रतिनिधि ने आईएईए में कुछ देशों द्वारा ईरान विरोधी गतिविधियों की आलोचना करते हुए बल दिया कि इस प्रक्रिया के जारी रहने से आईएईए के ढांचे को हानि पहुंचेगी। वियना में आईएईए के निदेशक मंडल की बैठक ईरान के बारे में कोई प्रस्ताव पारित किये बिना संपन्न हो गयी। ईरान के परमाणु मामले पर मंगलवार से निदेशक मंडल की बैठक में चर्चा हो रही थी।
...........
166